बीकानेर।
सोमवार दोपहर को बीकानेर में आखिरकार मानसून की पहली बारिश हुई, जिससे गर्मी और उमस से राहत तो मिली, लेकिन नगर प्रशासन के दावों और व्यवस्थाओं की असलियत भी उजागर हो गई। बारिश के कुछ देर बाद ही एसपी मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग का एक हिस्सा ढह गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
वीसी ऑफिस और बैंक का हिस्सा गिरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलेज परिसर में स्थित वीसी का ऑफिस और एक बैंक शाखा वाला हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के समय बैंककर्मी अंदर मौजूद थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना बारिश के चलते हुई, जो बिल्डिंग की कमजोर हालत को उजागर करती है।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, बड़ी जनहानि टली
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुजन सोनी भी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, बिल्डिंग की स्थिति को देखते हुए अन्य हिस्सों की सुरक्षा जांच की मांग की जा रही है।
पहली बारिश में खुली तैयारियों की पोल
यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि मानसून से पहले किए गए प्रशासनिक इंतजाम सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाते हैं। हर साल की तरह इस बार भी बारिश ने व्यवस्था की पोल खोल दी है। कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण इमारत में इस तरह की घटना होना चिंताजनक और लापरवाही का बड़ा संकेत है।
- Advertisement -
जांच की मांग
स्थानीय लोगों और कॉलेज स्टाफ ने इस घटना को लेकर बिल्डिंग की गुणवत्ता और रखरखाव पर सवाल उठाए हैं। हादसे की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।
