लूणकरणसर में सुमित गोदारा ने किए विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास
राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने शुक्रवार को लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण कर ग्रामीणों को कई सौगातें दीं।
ग्राम पंचायत भवन और सड़कें ग्रामीणों को समर्पित
मंत्री गोदारा ने कल्याणसर में 35 लाख रुपये की लागत से बने नए ग्राम पंचायत भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। उन्होंने नापासर हॉस्पिटल चौराहे से सिंथल रोड और एसबीआई चौराहे से रामसर तक 1.50 किमी लंबी सड़क को भी आमजन को समर्पित किया, जिसकी लागत 40 लाख रुपये रही। इसके साथ ही उन्होंने रामसर से मूंडसर तक 1.05 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश दिए।
पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
मूंडसर में नवनिर्मित ट्यूबवेल का लोकार्पण करते हुए मंत्री ने कहा कि इससे ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल मिलेगा। वहीं, रामसर और सूरतसिंहपुरा में 55-55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्रों का शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का उद्देश्य है कि प्रदेश के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हों।
- Advertisement -
बेटियों की शिक्षा के लिए नई पहल
सूरतसिंहपुरा में 225 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन का शिलान्यास भी मंत्री गोदारा ने किया। उन्होंने कहा कि जब बेटियां पढ़ेंगी, तभी समाज और परिवार आगे बढ़ेगा। उन्होंने शिक्षक समुदाय से अपील की कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
भामाशाह को किया सम्मानित
रामसर गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए 2 बीघा भूमि दान करने वाले श्री हनुमान कस्वा का मंत्री ने साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें समाज में प्रेरणा देने वाली होती हैं।
नई घोषणाएं और कार्यक्रम
नापासर के हरिरामपुरा में दो किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की घोषणा भी मंत्री ने की, जिसे दीपावली से पहले पूर्ण कराने का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों ने मंत्री का अभिनंदन कर आभार जताया।
शनिवार को होंगे नए लोकार्पण और शिलान्यास
शनिवार को मंत्री सुमित गोदारा जैतपुर में 33 केवी जीएसएस का लोकार्पण, नोहड़ा चक में 33 केवी जीएसएस का शिलान्यास, ढाणी खोडा में 25.72 लाख की लागत से बने ट्यूबवेल का लोकार्पण, महाजन में सहायक अभियंता कार्यालय भवन (55 लाख रुपये) का शिलान्यास तथा लालेरा में उप स्वास्थ्य केंद्र (55 लाख रुपये) का शिलान्यास करेंगे।
इस कार्यक्रम में बीकानेर पंचायत समिति प्रधान राजकुमार कस्वा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने की है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
