निर्जला एकादशी पर जेल में पौधारोपण, कैदियों संग भाजपा का विशेष आयोजन
भारतीय जनता पार्टी बीकानेर शहर पदाधिकारियों ने गुरुवार को निर्जला एकादशी के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बीकानेर सेंट्रल जेल में पौधारोपण कर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने किया, जिसमें बीकानेर (पश्चिम) विधायक जेठानंद व्यास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और जेल प्रशासन ने मिलकर कैदियों के साथ पौधे लगाए और जेल परिसर में ठंडे शरबत का वितरण किया। छाजेड़ ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्ष पूर्ण होने और पार्टी के “संकल्प से सिद्धि” अभियान के तहत आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल ने भाजपा प्रतिनिधियों को जेल में कैदियों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प जैसे मूढ़े, कार्पेट और अन्य उपयोगी वस्तुओं का अवलोकन करवाया।
- Advertisement -
विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि जेल में कैदियों के बीच समय बिताकर उनकी दिनचर्या और सुधारात्मक प्रयासों को देखना प्रेरणादायक रहा। उन्होंने जेल में संचालित बैंड की प्रस्तुति की सराहना की और कहा कि वर्तमान सरकार कैदियों को बेहतर जीवन निर्माण के अवसर देने के लिए संकल्पबद्ध है, जिससे वे एक अच्छे नागरिक के रूप में पुनः समाज में लौट सकें।
इस आयोजन में भाजपा शहर महामंत्री मोहन सुराणा, श्याम चौधरी, किसान मोर्चा अध्यक्ष चंद्र मोहन जोशी, जेठमल नाहटा, जोगेंद्र शर्मा, गजेंद्र भाटी, मघाराम नाई, हरिकांत शर्मा, विनायक पारीक, सौरभ छाजेड़ और विमल पारीक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
