जयपुर। राजस्थान सरकार ने नागरिक सेवाओं को और अधिक सुलभ और डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के नागरिक जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र सिर्फ पोर्टल से ही नहीं, बल्कि व्हाट्सएप के माध्यम से भी प्राप्त कर सकेंगे।
यह सेवा “पहचान पोर्टल” के अंतर्गत शुरू की गई है, जो पूरी तरह ऑनलाइन, पारदर्शी और त्वरित सेवा प्रदान करता है। इस सुविधा का उद्देश्य आमजन को तकनीक के जरिए सरकारी सेवाओं से जोड़ना और प्रक्रियाओं को अधिक सरल बनाना है।
इस सेवा का लाभ लेने के लिए पंजीकरण करते समय नागरिकों को अपने व्हाट्सएप से जुड़े मोबाइल नंबर को अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा। इसके बाद प्रमाण पत्र की डिजिटल प्रति सीधे व्हाट्सएप पर भेजी जाएगी।
राज्य सरकार का यह प्रयास न केवल प्रक्रिया को डिजिटल बनाएगा बल्कि कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी मुक्ति दिलाएगा। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी और लाखों नागरिकों को त्वरित लाभ मिलेगा। यह पहल डिजिटल इंडिया मिशन को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
