बीकानेर। जिले के नापासर थाना क्षेत्र के शेरेरा गांव में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में 11 वर्षीय बालिका की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि गांव में भी मातम का माहौल बन गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शेरेरा निवासी भंवरलाल पुत्र नारायणराम जाट ने नापासर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी 11 वर्षीय पुत्री कुमकुम रविवार सुबह करीब आठ बजे घर में रखे पानी के टब में स्नान कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह पानी से भरे टब में गिर गई।
बताया जा रहा है कि टब में गिरने के बाद बालिका स्वयं बाहर नहीं निकल सकी। कुछ समय बाद जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वह बेहोशी की हालत में मिली। परिवार के लोग तत्काल उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर नापासर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया तथा परिजनों को सौंप दिया।
- Advertisement -
प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
