शहर में सनसनी: शनि मंदिर के पास कटे गौवंश के पैर मिले
जोधपुर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब पवनपुरी इलाके में स्थित शनि मंदिर के पास नवजात गौवंश के कटे हुए पैर पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और पशु एंबुलेंस टीम पहुंची। बरामद अंगों को गोगागेट स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय भेज दिया गया है, जहां उनकी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मौके पर केवल नवजात बछड़े के पैर बरामद हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वे यहां कैसे पहुंचे—क्या यह किसी दुर्घटना का परिणाम है या जानबूझकर फेंका गया है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात गौवंश के शेष अंग कहां हैं और किसने या कैसे यह कृत्य किया।
- Advertisement -
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही गौरक्षक संगठन के सदस्य भी गोगागेट स्थित पशु चिकित्सालय पहुंचे और नाराजगी जताते हुए जेएनवीसी थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि इस मामले में कोई सुराग मिल सके। घटना ने स्थानीय लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है और प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
