राजस्थान के लाखों बेरोजगार अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (REET) 2025 का आयोजन जनवरी के दूसरे सप्ताह में किया जाएगा। शिक्षा विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल की अध्यक्षता में गुरुवार को शिक्षा संकुल, जयपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा की तैयारियों और बदलावों पर चर्चा की गई।
शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने बताया कि इस बार रीट परीक्षा में कई बड़े बदलाव किए जाएंगे। खास बात यह है कि परीक्षा में इस बार अभ्यर्थियों को 5 विकल्प दिए जाएंगे, जिसमें एक सही उत्तर चुनना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, परीक्षा पास करने के लिए न्यूनतम अंक भी अपडेट किए जाएंगे, और नोडल एजेंसी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान ही रहेगा। साथ ही, यह भी तय किया गया है कि फीस पहले जैसी ही होगी।
कुणाल ने बताया कि इस बार आरपीएससी और कर्मचारी चयन बोर्ड के साथ-साथ नीट के नवाचारों को भी परीक्षा में शामिल किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओएमआर शीट पर रोल नंबर के साथ फोटो लगाने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है।
परीक्षा जनवरी 2025 के दूसरे सप्ताह में होने की संभावना है, और तैयारी पूरी जोर-शोर से चल रही है। बैठक में निदेशक माध्यमिक शिक्षा आशीष मोदी, निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सीताराम जाट, सचिव माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर कैलाश चन्द शर्मा और संयुक्त शासन सचिव शिक्षा संजय माथुर सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
