बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा डूंगरपुर जिले के दौरे पर थे, जहां उन्होंने गुरुकुल शिक्षण संस्थान के सभागार में चौरासी और सलूंबर विधानसभा उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने मंडलवार रिपोर्ट का जायजा लिया और विकास कार्यों में रुकावट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा, और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं को आम जनता तक पहुंचाने में कोताही बरतने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य वागड़ क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करना है और जो भी कार्यकर्ता विकास कार्य के लिए कहेगा, वह दावे के साथ पूरा किया जाएगा। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, विधायक श्रीचंद कृपलानी समेत कई प्रमुख नेता भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ भी बैठक की और कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास के लिए विशेष प्रयास कर रही है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा, ताकि आमजन को बिजली, पानी, शिक्षा और चिकित्सा जैसी सुविधाओं का लाभ मिले। उन्होंने स्थानीय पैदावार को देखते हुए उद्योगों के विकास पर भी जोर दिया। जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने जिले में क्रियान्वित योजनाओं और बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति की जानकारी दी, जिसमें राजस्थान राइजिंग समिट भी शामिल है।
