भारत सरकार ने कहा है कि उनको बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के कार्यक्रम के बारे में जानकारी नहीं थी.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान यह जानकारी दी है.
रणधीर जयसवाल ने प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, “हमारे विदेश मंत्री ने संसद में बताया है कि एक शॉर्ट नोटिस पर शेख़ हसीना को भारत आने की मंजूरी दी गई थी. यहां भी जो स्थितियां हैं वो अभी बदल रही हैं.”
उन्होंने कहा, “अभी स्थितियां बदल रही हैं. आज शाम को अंतरिम सरकार शपथ लेगी. जब एक बार सारी चीजें हो जाएंगी. मैं बता दूं कि भारत और यहां के लोगों के लिए बांग्लादेश के लोगों का हित सबसे ऊपर है.”
- Advertisement -
रणधीर जयसवाल ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर बताया,“हम अल्पसंख्यकों की स्थिति पर भी नज़र रख रहे हैं. ऐसी भी रिपोर्ट हैं कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए अलग अलग समूहों और संगठनों ने कई पहल की हैं.”
उन्होंने कहा कि लेकिन स्वाभाविक रूप से हम तब तक बहुत चिंतित रहेंगे जब तक कानून और व्यवस्था स्पष्ट रूप से बहाल नहीं हो जाती और हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि हर सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने सभी नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करें.
