बीकानेर। दोस्तों की मदद से अपने ही मौसा को पिस्तौल दिखाकर धमकाने और बीस लाख रुपए की फिरौती मांगने के आरोपी को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अपनी बहन की शादी के लिए रुपए की जरूरत थी। उसने रुपए के लिए अपने दोस्त के साथ मिलकर प्लान बनाया। इसमें तीन अन्य युवकों को भी शामिल किया। इन लोगों ने पांच दिन पहले वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को शुरू से ही वारदात में किसी परिचित के शामिल होने का शक था। ऐसे में पीड़ित के मिलने वालों पर नजर रखी और रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पिस्तौल दिखाकर मांगी थी फिरौती इस संबंध में चूनावढ़ के वार्ड पांच के रहने वाले रमेश कुमार पुत्र मलूकचंद अरोड़ा की ओर से कोतवाली में दर्ज मामले में कहा गया था कि वह अभी श्रीगंगानगर में वास्तुदेव नगर में रहता है और बंसती चौक के नजदीक जस्सासिंह मार्ग पर लग्जरी कारों का काम करता है। 26 दिसंबर को उसकी दुकान में दो लोग आए और उससे बीस लाख रुपए की फिरौती मांगी। जब वह अपने बेटे को फोन करने लगा तो आरोपियों ने पिस्तौल दिखाते हुए 24 घंटे में रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में पुलिस को शुरुआत से ही किसी परिचित का वारदात में हाथ होने का संदेह था। इस पर परिचितों और दुकान में आने-जाने वालों पर नजर रखी। दुकान में प्रवेश कर धमकाने वाले युवकों के बारे में जानकारी जुटाई और कॉल डिटेल खंगाली तो शक रमेश कुमार की पत्नी के भानजे पंजाब के फिरोजपुर जिले के टेकांवाली बस्ती इलाके के रहने वाले मोहित, कालड़ा (26) पुत्र विलायत कुमार पर गया। इस पर उसके बारे में पता किया। जब उस पर शक पक्का हो गया तो रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। मोहित मूल रूप से गांव चूनावढ़ का ही रहने वाला है। ऐसे में उसे अपने मौसा की आर्थिक स्थिति के बारे में पता था। इस पर उसने बहन की शादी के लिए रुपए की जरूरत होने पर मौसा को धमकाकर फिरौती मांगने का प्लान बनाया। मोहित ने इस प्लान में अपने एक साथी चूनावढ़ के रहने वाले विपिन रावल (35) पुत्र भारतभूषण को भी शामिल किया। विपिन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। विपिन की मदद से शामिल किए तीन अन्य मोहित ने विपिन की मदद लेकर अपने प्लान में अनूपगढ़ के मनफूल, गुरप्रीतसिंह उर्फ गोपी व रिसासत उर्फ राजा को भी शामिल किया। आरोपी मोहित ने 26 दिसंबर को मनफूल, गुरप्रीतसिंह उर्फ गोपी और रियासत उर्फ राजा को अपने मौसा रमेश कुमार की दुकान दिखा दी। इसके बाद मोहित कुछ दूरी पर आगे जाकर खड़ा हो गया।
तीनों युवकों में से एक गुरप्रीतसिंह उर्फ गोपी मोटरसाइकिल लेकर दुकान से कुछ दूरी पर खड़ा हो गया, जबकि मनफूल और रिसायत दुकान में गए और रमेश कुमार से बीस लाख रुपए की फिरौती मांगी। पिस्तौल दिखाकर चौबीस घंटे में रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
- Advertisement -
