जयपुर।उदयपुर सहित कई जिलों में हो रही बारिश से तापमान में भी गिरावट आई है।राजस्थान में एक्टिव हुए वेदर सिस्टम के कारण उदयपुर, भरतपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। उदयपुर संभाग में हो रही अच्छी बारिश के कारण सेई (पाली) बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इससे अब जवाई बांध ओवर फ्लो हो गया है। आज बांध के गेट खोले जा सकते हैं। लगातार से दूसरा सीजन होगा जब जवाई बांध के गेट खोले जाएंगे। 24 घंटे में बांसवाड़ा, भरतपुर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, करौली, राजसमंद, उदयपुर समेत अन्य जिलों में एक इंच व उससे ज्यादा बरसात हुई। इधर धौलपुर, भीलवाड़ा, टोंक, अजमेर, बूंदी, सवाई माधोपुर, जोधपुर, पाली, हनुमानगढ़ और कोटा में भी कई जगह बारिश हुई। हालांकि अगले वीक में मानसून फिर से धीमा हो सकता है।भरतपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। यहां शाम को बारिश भी हुई।
जवाई बांध के गेट खेलने की तैयारी
उदयपुर संभाग में हुई बारिश के कारण सेई बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। यहां से पानी जवाई बांध में आ रहा है। इसके कारण जवाई अब फुल हो गया है। इस बांध का फुल गेज 18.67 आरएल मीटर है, जो वर्तमान में 18.61 आरएल मीटर से ऊपर चला गया है। बांध में पानी की कुल भराव क्षमता 207.51 मिलियन क्यूबिक मीटर और वर्तमान में 206 मिलीयन क्यूबिक मीटर से भी ज्यादा पानी स्टोर हो चुका है। बांध के भरने से सबसे ज्यादा फायदा पाली जिले की जनता को होगा, जिसको पीने का पानी यहीं से सप्लाई होता है। इसके अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी के साथ सिंचाई के लिए भी पानी यहीं से छोड़ा जाता है।
पश्चिमी राजस्थान में पारा 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा
- Advertisement -
पूर्वी राजस्थान में भले बारिश होने से गर्मी से राहत है, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर के ग्रामीण इलाकों में तेज गर्मी से लोग परेशान है। कल फलौदी में सबसे ज्यादा तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जालौर, बीकानेर, जैसलमेर में भी कल दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने इन जिलों में अगले 2-3 दिन दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा ही बना रहने की संभावना जताई है।
अब आगे क्या?
मौसम केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 10 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी होगी और केवल पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश होने की संभावना रहेगी। 13-14 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में एक बार पुनः मानसून सक्रिय होगा और यहां हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में अब तक 5 फीसदी ज्यादा बारिश
राजस्थान में मानसून की अब तक की स्थिति देखे तो यहां सामान्य से 5 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। मानसून सीजन में 1 जून से 8 सितम्बर तक औसत बारिश 402.5MM होती है, जबकि इस सीजन में अब तक कुल बारिश 421.1MM हो चुकी है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में आज की स्थिति
जयपुर : जयपुर में आज आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते है और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना है।
जोधपुर : जोधपुर में आज मौसम शुष्क रह सकता है और गर्मी बढ़ सकती है।
कोटा : कोटा में दोपहर बाद बादल छा सकते है और कुछ जगह बारिश हो सकती है।
उदयपुर : उदयपुर में आज हल्की बारिश हो सकती है।
भरतपुर : भरतपुर में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
उदयपुर में शुक्रवार को तेज बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
