बीकानेर के महाजन राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब भेड़-बकरियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक दर्जन से अधिक भेड़ों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार ट्रक फलौदी से भेड़-बकरियां लेकर अमृतसर की ओर जा रहा था। महाजन से आगे अरजनसर की दिशा में जाते समय चालक का ट्रक पर नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही महाजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई अब्दुल सत्तार टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और टोल प्लाजा की हाइड्रो मशीन की सहायता से ट्रक हटाकर यातायात सुचारू करवाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। घायल जानवरों को बाहर निकालने का काम भी स्थानीय लोगों की मदद से किया गया।
