केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah मंगलवार को बीकानेर दौरे के दौरान भारत-पाक सीमा से सटी बीएसएफ की सांचू पोस्ट पहुंचे, जहां उन्होंने जवानों से संवाद किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए खेजड़ी का पौधा लगाया।
इस दौरान अमित शाह ने बिश्नोई समाज की प्रकृति संरक्षण परंपरा, मां अमृता देवी बिश्नोई और 363 शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि खेजड़ी का पेड़ राजस्थान के लिए कल्पवृक्ष से कम नहीं है और इसके संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए। गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma सहित जनप्रतिनिधियों से भी खेजड़ी संरक्षण को लेकर पहल करने की बात कही।
अखिल भारतीय जीव रक्षा बिश्नोई सभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिवराज बिश्नोई ने गृह मंत्री के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में सोलर कंपनियों द्वारा बड़े स्तर पर खेजड़ी वृक्षों की कटाई से समाज में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर बीकानेर में हाल ही में धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन भी किया गया था।
उन्होंने कहा कि अमित शाह की इस पहल से पर्यावरण संरक्षण और खेजड़ी बचाने को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
