बाड़मेर। बाड़मेर पंचायत समिति में फ्री मोबाइल वितरण कैंप में कम्प्यूटर कार्मिक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक युवक ने जल्द मोबाइल देने की बात को लेकर कम्प्यूटर कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं कम्प्यूटर कर्मचारियों ने मारपीट के विरोध में काम बंद कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कैंप इंचार्ज का कहना है कि कम्प्यूटर कर्मचारियों के विरोध के चलते मोबाइल वितरण रोक दिया गया है।जानकारी के अनुसार शनिवार को बाड़मेर पंचायत समिति परिसर में मिठड़ा ग्राम पंचायत का मोबाइल वितरण कैंप चल रहा है। मोबाइल लाभार्थी मोहन कंवर के साथ उनका बेटा जालम सिंह आया हुआ था। लाइन लगने और मोबाइल मिलने पर देरी होने पर जालम ने मोबाइल जल्दी देने के लिए कहा। इस पर कम्प्यूटर अनुदेशक अभिषेक माहेश्वरी ने कहा जल्दी मिल जाएगा। इसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज और कहासुनी हो गई। जालम सिंह ने कम्प्यूटर अनुदेशक को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद कैंप में हंगामा हो गया। पुलिस ने मामले को शांत करवा कर युवक को हिरासत में लिया। कम्प्यूटर अनुदेशकों ने मोबाइल वितरण करने से मना कर दिया।जल्द मोबाइल देने की बात पर हाथापाई कैंप इंचार्ज डूंगरसिंह का कहना है कि पंचायत समिति परिसर में मिठड़ा ग्राम पंचायत का मुफ्त मोबाइल शिविर चल रहा है। जिसमें जालमसिंह नामक युवक ने कम्प्यूटर अनुदेशक अभिषेक के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद कोतवाली थाने की पुलिस युवक को पकड़ कर ले गई। कम्प्यूटर अनुदेशक ने मोबाइल वितरण बंद कर दिया है। उनका कहना है कि एफआईआर दर्ज करवाने के बाद मोबाइल वितरण किया जाएगा। युवक ने मोबाइल जल की जिद्द करने लगा इसके बाद कर्मचारी के साथ हाथापाई कर दी। युवक नशे में था या नहीं यह मेडिकल होने के बाद ही पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस उसे पकड़ कर लेकर गई।कोतवाल गंगाराम खावा के मुताबिक युवक को हिरासत में लिया है। अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। हालांकि अभी तक जांच में मारपीट जैसी बात सामने नहीं आई है। जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
