


बीकानेर। गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ… के स्वरों के बीच गणेश प्रतिमाओं का गुरुवार को तालाबों में विसर्जन किया गया। गणेश चतुर्थी से शुरू हुए दस दिवसीय गणेश पूजन महोत्सव की पूर्णाहुति पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अबीर-गुलाल को हवा में उड़ाते और डांडिया नृत्य करते प्रतिमाओं का विसर्जन करने पहुंचे। तालाबों के पास प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान दस दिनों तक घर-घर और गली-मोहल्लों में सजाए गए पांडालों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इससे पहले प्रतिमाओं का पूजन कर आरती की गई। दस दिनों तक पूजित गणेश प्रतिमाओं को जल में विसर्जित करने की उदासी भी देखी गई। देवीकुंड सागर व संसोलाव तालाब में बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। वहीं कई प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए श्रीकोलायत सरोवर ले जाया गया। प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान बालिकाएं व महिलाएं भी मौजूद रही।
