बीकानेर। सड़क हादसों और बसों में आग लगने की घटनाओं के बाद परिवहन विभाग ने बीकानेर में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में 20 स्लीपर बसों को सीज कर उनकी आरसी निरस्त कर दी गई, जबकि प्रत्येक बस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में 354 वाहनों के चालान भी किए गए हैं।
जिला परिवहन अधिकारी भारती नैथानी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर 8 जुलाई से यह अभियान चलाया जा रहा है, जो 28 जुलाई तक जारी रहेगा। इसके लिए पांच विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं, जो बसों में इमरजेंसी एग्जिट, शीशा तोड़ने वाले हैमर, स्पीड गवर्नर, रिफ्लेक्टर टेप, अंडर-रन प्रोटेक्टिव डिवाइस और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच कर रही हैं।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट या रिफ्लेक्टर टेप वाली 233 बसों, बिना अंडर-रन प्रोटेक्टिव डिवाइस वाली 35 बसों, बिना स्पीड गवर्नर वाली 64 बसों तथा बस बॉडी मानकों का उल्लंघन करने वाली 42 बसों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
