जयपुर। राजस्थान में फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है और राज्य में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को 10 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 21 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होने के संकेत हैं। इस दौरान प्रदेश के 20 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटों में डूंगरपुर, कोटा और अलवर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि श्रीगंगानगर समेत चार जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। 18 जुलाई को बाड़मेर, बालोतरा, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, बारां और झालावाड़ में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों तक पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा जारी रह सकती है। वहीं, 22 से 23 जुलाई के दौरान पश्चिमी और मध्य राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 23 से 26 जुलाई के बीच बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
