बीकानेर। बीकानेर पीसीपीएनडीटी टीम ने हरियाणा के डबवाली में अवैध भ्रूण लिंग परीक्षण से जुड़े एक नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डिकॉय ऑपरेशन के जरिए एक दलाल को गिरफ्तार किया है। करीब छह महीने की गोपनीय निगरानी और रणनीतिक तैयारी के बाद टीम को यह सफलता मिली। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, जबकि मुख्य आरोपी पहले भी पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत कार्रवाई का सामना कर चुका है।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर बीकानेर और श्रीगंगानगर की टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, डिकॉय गर्भवती महिला के माध्यम से दलाल से संपर्क किया गया, जिसने भ्रूण लिंग परीक्षण के लिए 36,500 रुपये की मांग की। इसके बाद महिला को हरियाणा के डबवाली स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पूरी कार्रवाई पर नजर रखते हुए टीम ने दलाल को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह भ्रूण लिंग परीक्षण के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करता था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि कई मामलों में लोगों को गुमराह कर गर्भपात के लिए भी प्रेरित किया जाता था। फिलहाल अस्पताल और पूरे नेटवर्क की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस ऑपरेशन में बीकानेर पीसीपीएनडीटी प्रभारी महेंद्र सिंह चारण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने छह माह तक गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखते हुए मुखबिर तंत्र विकसित किया और विभिन्न जिलों की टीमों के बीच समन्वय स्थापित किया। अधिकारियों के अनुसार, दो बार आरोपी कार्रवाई से बच निकला था, लेकिन तीसरे प्रयास में टीम ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
