बीकानेर। शहर की फल-सब्जी मंडी में हुए एक हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मंडी में फल लोड कर रही एक टैक्सी अचानक चल पड़ी और उसका पहिया युवक के पैर पर चढ़ गया।
पुलिस के अनुसार रामपुरा बस्ती निवासी जाहिद हुसैन ने मुक्ताप्रसाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका पुत्र मोहम्मद रमजान 13 जुलाई की दोपहर करीब 1 बजे फल-सब्जी मंडी में खरीदारी कर रहा था। इसी दौरान पास में खड़ी टैक्सी में फल-फ्रूट लोड किए जा रहे थे। अचानक वाहन आगे बढ़ गया और उसका पहिया रमजान के पैर पर चढ़ गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल रमजान को मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पीबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
