बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र की सूरज कॉलोनी में एक किराये के मकान में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जातिसूचक अभद्रता करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भरतपुर निवासी नेहा जाटव ने शिकायत दर्ज कराई कि वह सूरज कॉलोनी स्थित किराये के मकान में रह रही थी। 14 जुलाई की रात कुछ लोग जबरन घर में घुस आए और उसके साथ रह रहे मोनू के साथ मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पर उसके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने नेहा के गले से सोने की चेन छीन ली और मोनू की जेब में रखे 6 हजार रुपये नकद भी ले गए। हमले में मोनू के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। इसके अलावा आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
जेएनवीसी थाना पुलिस ने प्रेम सिंह राजपूत, हरिओम सिंह सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
