बीकानेर। खाजूवाला थाना परिसर से दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की बाइक गायब होने और बाद में सुनसान स्थान पर मिलने के मामले में पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए थाने के ड्राइवर को निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में बाइक के अनधिकृत रूप से हटाए जाने में उसकी भूमिका सामने आने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल अनिल यादव ने करीब ढाई महीने पहले सुरक्षा कारणों से अपनी बुलेट बाइक खाजूवाला थाने में खड़ी की थी। उन्होंने इसकी सूचना थाने में अपने परिचित पुलिसकर्मी को भी दी थी। जब वे दोबारा खाजूवाला पहुंचे तो बाइक थाना परिसर से गायब मिली, जिसके बाद उन्होंने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
कुछ दिन बाद बाइक एक सुनसान स्थान पर लावारिस हालत में मिली। मामले की जांच उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की। जांच में प्रथम दृष्टया थाने के ड्राइवर रामकुमार की भूमिका सामने आने पर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने उसे निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया।
इस मामले की विभागीय जांच खाजूवाला की वृत्ताधिकारी (सीओ) आकांक्षा चौधरी को सौंपी गई है। प्रारंभिक जांच में माना गया है कि ड्राइवर ने बिना अनुमति थाना परिसर में खड़ी बाइक का मूवमेंट किया था। फिलहाल विभागीय जांच जारी है।
