बीकानेर। खाजूवाला थाना परिसर से दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की बाइक गायब होने और बाद में सुनसान स्थान पर मिलने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। प्रारंभिक जांच में थाना चालक (ड्राइवर) की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उसे निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल अनिल यादव करीब ढाई महीने पहले अपने गांव आए थे। वापस दिल्ली लौटते समय उन्होंने सुरक्षा कारणों से अपनी बाइक खाजूवाला थाने में खड़ी कर दी थी और इसकी जानकारी थाने में मौजूद अपने परिचित पुलिसकर्मी को भी दी थी।
कुछ समय बाद जब अनिल यादव बाइक लेने थाने पहुंचे तो वाहन वहां से गायब मिला। इसके बाद उन्होंने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले के दौरान कुछ दिन बाद बाइक एक सुनसान स्थान पर लावारिस हालत में बरामद हुई, जिससे पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े हो गए।
मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया खाजूवाला थाने के ड्राइवर रामकुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि उसने बिना अनुमति थाना परिसर में खड़ी बाइक का मूवमेंट किया।
- Advertisement -
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने तत्काल प्रभाव से रामकुमार को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है। वहीं मामले की विभागीय जांच खाजूवाला सीओ आकांक्षा चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
