बीकानेर। मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने स्मार्ट मीटर कंपनी के एक कर्मचारी की मौत के मामले में कंपनी के दो अधिकारियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि नौकरी से हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान कर्मचारी के साथ मारपीट की गई और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
पुलिस के अनुसार अनूपगढ़ निवासी रेवंत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र लक्ष्मण सिंह स्मार्ट मीटर कंपनी में इंचार्ज के पद पर कार्यरत था। 1 जुलाई को वह नौकरी से हटाए जाने के आदेश के संबंध में जानकारी लेने कंपनी के बीकानेर डिवीजन कार्यालय पहुंचा था।
परिजनों का आरोप है कि कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने लक्ष्मण सिंह के साथ विवाद के दौरान मारपीट की और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे लक्ष्मण सिंह को उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 14 जुलाई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नितीश माथुर और एकरार पंवार के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
