बीकानेर। कोतवाली थाना पुलिस ने शास्त्रीनगर स्थित एक बंद मकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान के कई जिलों में चोरी की दर्जनों वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार 18 जून की रात शास्त्रीनगर निवासी किशोर कुमार जटिया के घर में उस समय चोरी हुई, जब पूरा परिवार मनाली घूमने गया हुआ था। चोर मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के सरगना सुभाष उर्फ शास्त्री उर्फ भगतजी निवासी घड़साना (श्रीगंगानगर), सज्जन कुमार निवासी अमरपुरा (फाजिल्का, पंजाब) और रवी कुमार सोनी निवासी सुरेशिया (हनुमानगढ़) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का तरीका बेहद सुनियोजित था। आरोपी ट्रेन के जरिए अलग-अलग शहरों में पहुंचते, रात के समय बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करते और उसी रात ट्रेन से वापस लौट जाते थे, जिससे पुलिस को उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता था।
- Advertisement -
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बाड़मेर, बालोतरा, सिणधरी, जालोर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, लूणकरणसर, बज्जू और खाजूवाला सहित कई स्थानों पर चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस चोरी का माल बरामद करने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस के साथ हनुमानगढ़ डीएसटी और आरपीएफ जोधपुर की टीमों ने भी संयुक्त रूप से सहयोग किया।
