बीकानेर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से कार्यरत टीम क्लीन बीकाणा ने रविवार को अपने 21वें सफाई अभियान के तहत जस्सूसर गेट के बाहर जीनगर भवन के सामने वर्षों से जमा कचरे के ढेर को हटाकर क्षेत्र की तस्वीर बदल दी। जहां पहले गंदगी और दुर्गंध का माहौल था, वहीं अब लोगों के बैठने के लिए स्वच्छ स्थान, हरियाली और सजावटी गमले आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।
टीम क्लीन बीकाणा के अध्यक्ष विपिन चौधरी ने बताया कि संगठन इससे पहले भी शहर के 20 अलग-अलग स्थानों पर सफल सफाई अभियान चलाकर उन्हें नया स्वरूप दे चुका है। 21वें अभियान के दौरान जस्सूसर गेट क्षेत्र में पहुंची टीम का स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया और स्वयं भी श्रमदान कर अभियान को सफल बनाने में भागीदारी निभाई।
सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद स्थल पर लोहे की जाली लगाई गई तथा उसके भीतर गमले रखे गए, ताकि भविष्य में वहां दोबारा कचरा न डाला जाए। मोहल्लेवासियों ने भी इस स्थान को स्वच्छ बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।
अभियान के बाद क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह बदल गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान की लंबे समय से सफाई नहीं हो पा रही थी, उसे टीम क्लीन बीकाणा ने जनसहयोग से स्वच्छ और आकर्षक बना दिया। अब वहां कचरे की जगह हरियाली और स्वच्छ सार्वजनिक स्थान विकसित हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
- Advertisement -
इस अवसर पर कमल स्वामी, महावीर कुमार सोनी, भगवान पुरी, प्रेम सुथार सहित अनेक लोगों ने टीम का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। अभियान में टीम क्लीन बीकाणा के सदस्य आरू बीकानेर, योगेश, नरेंद्र सिंह, निखिल पंवार, शिव शर्मा, रामजी सहित अन्य स्वयंसेवकों के साथ क्षेत्र के अनेक लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
