बीकानेर, 14 जुलाई 2026। राजस्थान शिक्षक संघ (शे) एसटीएफआई, बीकानेर इकाई ने प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित के नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपकर हाल ही में किए गए शिक्षक तबादलों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठन ने आरोप लगाया कि ये तबादले शिक्षकों में भय का माहौल बनाने वाले हैं और शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।
प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित ने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र और नामांकन अभियान के बीच बड़ी संख्या में शिक्षकों के तबादले किए जाने से स्कूलों का शैक्षणिक संचालन प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि तबादलों में मानवीय पहलुओं की अनदेखी की गई है तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले, गंभीर बीमार, विधवा और दिव्यांग शिक्षकों को भी दूरस्थ क्षेत्रों में भेजा गया है। इससे कई विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और कार्य व्यवस्था में असंतुलन पैदा हो गया है, जिसका असर नामांकन और शिक्षा की गुणवत्ता पर पड़ सकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष हुक्माराम झोरड़ ने कहा कि शिक्षक समाज अब ऐसे निर्णयों को चुपचाप स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि कथित रूप से पक्षपातपूर्ण और मानवीय संवेदनाओं के विपरीत किए गए तबादलों को तत्काल निरस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर संगठन प्रदेशभर में व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और शिक्षा विभाग की होगी।
ज्ञापन कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री संजय पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष हुक्माराम झोरड़, जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह भाटी, नगर अध्यक्ष मनीष ठाकुर, नगर मंत्री देवेंद्र जाखड़, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीरबलराम रैगर, प्रवक्ता रवींद्र विश्नोई तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुंदरलाल विश्नोई सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
