बीकानेर। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल की ओर से बुधवार को नोखा रोड स्थित रॉयल एनफील्ड शोरूम में शहर के व्यापारियों के लिए विशेष आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इस्कॉन राजस्थान के जोनल सेक्रेटरी श्री देवकीनंदन प्रभुजी ने व्यापारियों को आध्यात्मिक जीवन, नैतिक मूल्यों और श्रीमद्भगवद्गीता के सिद्धांतों पर आधारित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
अतिथियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल द्वारा श्री देवकीनंदन प्रभुजी के स्वागत एवं सम्मान से हुई। मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी और सीओ सिटी परमेश्वर सुथार ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके बाद मंडल की ओर से स्मृति चिन्ह और श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
व्यापारियों को दिया आध्यात्मिक जीवन का संदेश
अपने संबोधन में श्री देवकीनंदन प्रभुजी ने कहा कि व्यापारी वर्ग समाज का प्रभावशाली और मार्गदर्शक वर्ग होता है। यदि व्यापारी अपने दैनिक जीवन में हरे कृष्ण महामंत्र का जप करें और श्रीमद्भगवद्गीता की शिक्षाओं को अपनाएं, तो वे न केवल स्वयं तनावमुक्त और संतुलित जीवन जी सकते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक भी बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वास्तविक सुख, शांति और समृद्धि का आधार आध्यात्मिक जीवन है और इसके लिए नियमित साधना एवं सत्संग आवश्यक है।
- Advertisement -
बीकानेर में बनेगा भव्य इस्कॉन मंदिर
कार्यक्रम में इस्कॉन जोधपुर के मंदिर अध्यक्ष सुंदरलाल प्रभुजी ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रतिदिन कुछ समय भगवान के स्मरण, गीता अध्ययन और सत्संग के लिए निकालने की अपील की।
इस्कॉन बीकानेर के आउटपोस्ट मैनेजर संकर्षण प्रिय प्रभुजी ने जानकारी दी कि किशमीदेसर में श्रद्धालु गिरधारी लाल द्वारा इस्कॉन मंदिर निर्माण के लिए भूमि दान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं और शहरवासियों के सहयोग से जल्द ही बीकानेर में भव्य इस्कॉन मंदिर का निर्माण शुरू किया जाएगा, जो आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
बड़ी संख्या में व्यापारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनक हर्ष, श्रीराम सियाग, वेद प्रकाश अग्रवाल, बजरंग सोखल, शंकर अग्रवाल, बजरंग सिंह राजपुरोहित, सुशील यादव, प्रेम जोशी, किशन लोहिया, दिनेश राठी, श्याम राठी, रमेश कौशिक, सत्येन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पंकज पारीक ने किया, जबकि अंत में मंडल अध्यक्ष जुगल राठी और सचिव संजय जैन सांड़ ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
