बीकानेर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में टैक्सी में सफर कर रहे एक युवक के साथ कथित लूट की वारदात का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, डेलाणा छोटा निवासी मेघराज जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह डूंगर कॉलेज के पास से रामपुरा बस्ती जाने के लिए एक टैक्सी में बैठा था। आरोप है कि रास्ते में टैक्सी चालक उसे मेडिकल ग्राउंड के निकट एक सुनसान स्थान पर ले गया।
शिकायत के अनुसार, वहां आरोपी ने युवक के साथ मारपीट की और उसके पास मौजूद सोने की अंगूठी, चांदी का कड़ा, जेब में रखे लगभग 400 से 500 रुपये नकद तथा कानों में पहनी बालियां छीन लीं। मारपीट के दौरान युवक के कान में भी चोटें आईं।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में पड़े युवक की मदद आसपास खेल रहे बच्चों ने की और उसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल पहुंचाया।
- Advertisement -
मामले की सूचना मिलने पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अनिल नायक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
