राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। इसके बावजूद शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार को 15 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, फिलहाल राज्य के किसी भी जिले के लिए कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार सैटेलाइट इमेज में राजस्थान के ऊपर मानसूनी बादलों की सक्रियता कम दिखाई दे रही है। बादलों की कमी के कारण अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है।
सादुलपुर में सबसे ज्यादा हुई बारिश
बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक बारिश चूरू जिले के सादुलपुर में दर्ज की गई, जहां 55 मिलीमीटर (करीब दो इंच) वर्षा रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 28 मिलीमीटर, हनुमानगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में 3 से 38 मिलीमीटर, झुंझुनूं में 18 मिलीमीटर तथा अलवर और खैरथल-तिजारा में 1-1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
गर्मी और उमस से बढ़ी परेशानी
मानसून की कमजोरी का असर तापमान पर भी देखने को मिला। शनिवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- Advertisement -
इसके अलावा फलोदी में 40.6 डिग्री, जैसलमेर में 40 डिग्री, जबकि बीकानेर, बाड़मेर और जोधपुर में भी दिनभर तेज गर्मी और उमस महसूस की गई। वहीं, प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में करीब 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
इन 15 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने रविवार को झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, दौसा, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, जालोर, सिरोही, उदयपुर और डूंगरपुर जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
फिलहाल 15 जुलाई तक प्रदेश में किसी भी प्रकार का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इसके बाद मानसून की गतिविधियों में फिर तेजी आने की संभावना बन सकती है।
