वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक पर्यटक नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 15 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। मृतकों और घायलों में अधिकांश पर्यटक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बताए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटकों सहित कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें चार क्रू सदस्य भी शामिल थे। दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10:30 बजे हुई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नाव भारतीय पर्यटकों को फु क्वोक द्वीप के निकट स्थित होन मे रुट ट्रोंग (Hon May Rut Trong/Ngòai) द्वीप की सैर के लिए ले जा रही थी। हालांकि तट से लगभग 400 मीटर पहले नाव अचानक पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही थीं, जिन्हें हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में भी समुद्र की तेज लहरें दिखाई दे रही हैं। अधिकारियों की ओर से दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
- Advertisement -
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कई पर्यटकों ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी। नाव पलटने के बाद कुछ यात्री उसके नीचे फंस गए, जिससे राहत एवं बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया। बचाव दल ने समय रहते 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने यह भी बताया कि भारत के अधिकारी वियतनाम प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और प्रभावित भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फु क्वोक के निकट स्थित यह द्वीप अपने स्वच्छ समुद्र, छोटे समुद्री तटों और कोरल रीफ डाइविंग के लिए पर्यटकों के बीच लोकप्रिय माना जाता है। यहां पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर एन थोई बंदरगाह से नाव या स्पीडबोट का उपयोग करते हैं।
फिलहाल वियतनाम के संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं और मृतकों की पहचान तथा अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
