बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में मायके आई एक विवाहिता की भूलवश कीटनाशक पीने से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई गजेंद्र सिंह के अनुसार, सोनियासर मीठिया निवासी खेताराम पुत्र कोजाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बहन परमा पत्नी मनोज कुमार, निवासी धर्मास हिरावतान, करीब तीन माह से अपने पीहर में रह रही थी। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से कमजोर थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि गुरुवार दोपहर परमा ने खेत में कृषि कार्य के लिए रखा गया कीटनाशक भूलवश पी लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी हेड कांस्टेबल संदीप कुमार को सौंपी गई है।
