बीकानेर। खाजूवाला पुलिस थाने से दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की बुलेट मोटरसाइकिल गायब होने का मामला सामने आया है। बाइक नहीं मिलने पर पुलिसकर्मी ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार खाजूवाला क्षेत्र के चक बीजीएम गुल्लूवाली निवासी अनिल यादव दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। करीब ढाई माह पहले वह अपनी बुलेट बाइक से दिल्ली से बीकानेर आए थे।
गांव से वापस दिल्ली लौटते समय उन्होंने सुरक्षा के मद्देनजर अपनी बाइक खाजूवाला पुलिस थाने में खड़ी कर दी और इसकी जानकारी वहां मौजूद एक परिचित एएसआई को भी दे दी थी।
कुछ दिन पहले जब अनिल यादव बाइक लेने थाने पहुंचे तो मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। थाने में पूछताछ के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लगने पर उन्होंने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
- Advertisement -
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाने परिसर से बाइक गायब होने की घटना पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
