बीकानेर। सेंटर फॉर इलेक्ट्रॉनिक गवर्नेंस (सीईजी), जयपुर ने केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया (CAP-2026) के तहत राजस्थान मैनेजमेंट एडमिशन प्रोसेस (RMAP-2026) और राजस्थान एमसीए एडमिशन प्रोसेस (RMCAAP-2026) की संशोधित प्रवेश तिथियां जारी कर दी हैं। नए कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों को आवेदन, शुल्क जमा करने और कॉलेज विकल्प भरने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के तहत आवेदन एवं पंजीकरण शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 7 जुलाई से बढ़ाकर 17 जुलाई कर दी गई है। वहीं ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि अब 18 जुलाई होगी, जो पहले 8 जुलाई निर्धारित थी।
इसी प्रकार महाविद्यालय और पाठ्यक्रम विकल्प भरकर लॉक करने की अंतिम तिथि भी 18 जुलाई से बढ़ाकर 26 जुलाई कर दी गई है। इस प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश के सरकारी और निजी महाविद्यालयों, जिनमें इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ईसीबी) भी शामिल है, में एमबीए और एमसीए पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे।
इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर के मैनेजमेंट विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि कॉलेज में एमबीए की 60 और एमसीए की 120 सीटें उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रवेश तिथियों में बढ़ोतरी से उन अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो तय समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे।
