बीकानेर। शहर में इन दिनों मानसून की बारिश का दौर जारी है। मौसम खुशनुमा होने के साथ ही इस दौरान बिजली से जुड़े हादसों की आशंका भी काफी बढ़ जाती है। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी बरतकर किसी भी बड़ी अनहोनी से बचा जा सकता है। बिजली कंपनी बीकेईएसएल (BKESL) ने आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है।
धरातल पर एक्टिव हैं बीकेईएसएल की टीमें बीकेईएसएल के प्रवक्ता ने बताया कि बारिश के मौसम में ट्रांसफार्मर, पैनल बॉक्स, बिजली की लाइनें, पोल और स्टे-वायर गीले हो जाते हैं, जिससे इनमें करंट उतरने का खतरा बढ़ जाता है। कंपनी की टीमें शहर में लगातार गश्त कर रही हैं। संभावित खतरों को टालने के लिए बिजली लाइनों के पास से पेड़ों की टहनियां काटी जा रही हैं, खुले पैनल बॉक्स बंद किए जा रहे हैं और ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग दुरुस्त की जा रही है। प्रशासन के साथ-साथ उपभोक्ताओं का जागरूक होना भी बेहद जरूरी है।
सुरक्षा निर्देश: इन बातों का रखें विशेष ध्यान
करंट के खतरे से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए नीचे दी गई बातों का पालन जरूर करें:
-
विद्युत तंत्र से दूरी: बारिश के दौरान बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों और पैनल बॉक्स के पास जाने से बचें।
- Advertisement -
-
अवैध कनेक्शन से बचें: बिजली लाइनों पर सीधे आंकड़े (कट) डालने का प्रयास न करें, यह जानलेवा हो सकता है।
-
नंगे पैर न घूमें: बिजली के उपकरणों या खंभों के आसपास नंगे पैर न चलें, अर्थिंग मिलने से तेज झटका लग सकता है।
-
पशुओं की सुरक्षा: बिजली के खंभों या स्टे-वायर (लोहे के तार) से अपने पालतू पशुओं को कभी न बांधें।
-
खंभों का दुरुपयोग न करें: बिजली के पोल और तारों के पास गीले कपड़े न सुखाएं। साथ ही खंभों पर विज्ञापन बोर्ड, पोस्टर या टीवी केबल न लगाएं।
-
देसी जुगाड़ से बचें: घर के आगे से जा रहे बिजली के नंगे तारों पर प्लास्टिक का पाइप काटकर न चढ़ाएं। पाइप में पानी भरने से करंट आने का खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है।
-
बच्चों और कचरे पर निगरानी: पार्कों या घरों के बाहर बच्चों को बिजली के खंभों के पास न खेलने दें। ट्रांसफार्मर के नीचे कचरा न फेंकें, क्योंकि वहां कचरा खाने आने वाले मवेशियों को करंट लग सकता है।
Emergency Helpline / आपातकालीन संपर्क यदि आपको किसी बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर या पैनल बॉक्स से चिंगारी उठती दिखे, या किसी पोल, मकान या टीनशेड में करंट आने की जानकारी मिले, तो तुरंत कंपनी के हेल्पलाइन नंबर 0141-3532000 पर सूचना दें।
