बीकानेर, 30 जून। बीकानेर शहर में बिजली वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बीकानेर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई लिमिटेड (बीकेईएसएल) ने अपने नए कॉर्पोरेट कार्यालय का संचालन शुरू कर दिया है। मंगलवार को जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया।
अब तक पवनपुरी से संचालित हो रहा बीकेईएसएल का कॉर्पोरेट कार्यालय जय नारायण व्यास कॉलोनी के प्लॉट नंबर 36 से कार्य करेगा। नए कार्यालय के शुभारंभ के अवसर पर सीईएससी राजस्थान के सीईओ श्रीप्रकाश जोशी, वाइस प्रेसिडेंट (फाइनेंस) ज्ञानेन्द्र अग्रवाल तथा वाइस प्रेसिडेंट (एचआर एंड एडमिन) अरूनाभा साहा ने फीता काटकर कार्यालय का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान बीकेईएसएल के सीओओ हरीश चंद्र सिंह, चीफ मैनेजर सुरेंद्र सिंह चौधरी, प्रमोद वर्मा, हेड एचआर जयदीप सिंह राठौड़, संजय झा और कमर्शियल हेड अर्णव गोस्वामी सहित अन्य अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर सीओओ हरीश चंद्र सिंह ने कहा कि बीकेईएसएल, जोधपुर डिस्कॉम की फ्रेंचाइजी के रूप में बीकानेर शहर में विद्युत वितरण की जिम्मेदारी निभा रही है। कंपनी का लक्ष्य उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
- Advertisement -
उन्होंने बताया कि बिजली वितरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए कंपनी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है। इसके तहत बिजली वितरण, बिलिंग, नए विद्युत कनेक्शन और उपभोक्ता सेवाओं को पहले से अधिक सरल और प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का विश्वास ही कंपनी की सबसे बड़ी ताकत है और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
बीकेईएसएल का नया कॉर्पोरेट कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ उपभोक्ता सेवाओं में भी अधिक दक्षता आने की उम्मीद है।
