बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र में टिन शेड लगाने के दौरान हुए हादसे में एक 28 वर्षीय श्रमिक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नोखा के कानपुरा बस्ती निवासी राजूराम पुत्र रामलाल भार्गव ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भाई कालूराम (28) 21 जून की सुबह कांता खतुरिया कॉलोनी स्थित बी-112 मकान में टिन शेड लगाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद मकान मालिक घायल श्रमिक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि इलाज के दौरान कालूराम ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलने पर जेएनवीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मर्ग दर्ज किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
