बीकानेर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत खाजूवाला पुलिस ने एक स्मैक सप्लायर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.98 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु पुत्र शंकरलाल मेघवाल के रूप में हुई है। उसे खाजूवाला स्टेडियम के पास संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
यह कार्रवाई खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा के सुपरविजन और थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए ऑपरेशन नीलकंठ के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
फिलहाल मामले की जांच दंतौर थानाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर स्मैक सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
