जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। गुरुवार को जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में महज एक घंटे में करीब दो इंच बारिश होने से कई सड़कें जलमग्न हो गईं। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़ गए, जिनके नीचे बाइक और अन्य वाहन दब गए।
वहीं नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर और कोटा के कुछ क्षेत्रों में 20 से 35 मिमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार (26 जून) के लिए प्रदेश के 27 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और आगामी चार से पांच दिनों में मानसून के राजस्थान में प्रवेश करने की संभावना है।
मौसम विभाग के दो सप्ताह के पूर्वानुमान के अनुसार 26 जून से 2 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और हल्की बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
3 से 9 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान के कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी और उदयपुर संभाग में वर्षा गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का वितरण सीमित रहने की संभावना जताई गई है।
