बीकानेर। राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां लगातार तेज बनी हुई हैं। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। उत्तरी राजस्थान के बीकानेर संभाग के साथ-साथ पूर्वी राजस्थान के जयपुर और कोटा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से शाम तक अच्छी बारिश दर्ज की गई।
श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, जयपुर और कोटा सहित कई जिलों में 10 से 30 मिलीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। श्रीगंगानगर जिले में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। विभाग ने बताया कि इस प्री-मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 92 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विभाग ने सोमवार को राजस्थान के 17 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।
