बीकानेर जिले के पूगल क्षेत्र की ग्राम पंचायत 2 पीबी में सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। शिविर के दौरान राजस्व रिकॉर्डों में लंबे समय से मौजूद त्रुटियों की पहचान कर उनका मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे सैकड़ों किसानों और काश्तकारों को सीधा लाभ मिला।
तहसीलदार (भू-अभिलेख) अशोक पारीक के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में भू-अभिलेख निरीक्षकों और पटवारियों की टीम ने राजस्व अभिलेखों का विस्तृत परीक्षण किया। जांच के दौरान रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की कुल 218 अशुद्धियां चिन्हित की गईं। इन त्रुटियों के निराकरण के लिए नियमानुसार शुद्धिपत्र तैयार किए गए और ऑनलाइन राजस्व रिकॉर्ड में तत्काल सुधार की प्रक्रिया पूरी की गई।
राजस्व अभिलेखों के शुद्धिकरण से लगभग 700 काश्तकारों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है। रिकॉर्ड सही होने से किसानों को भूमि संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, कृषि ऋण प्राप्त करने तथा अन्य राजस्व कार्यों में अब अधिक सुविधा मिलेगी। इससे भविष्य में होने वाली प्रशासनिक और कानूनी परेशानियों में भी कमी आएगी।
ग्रामीणों ने शिविर में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की पहल से गांव स्तर पर ही लोगों को राहत मिल रही है।
- Advertisement -
इस अवसर पर ग्रामीणों ने राजस्व विभाग, तहसील प्रशासन तथा शिविर में सेवाएं देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों का कहना है कि रिकॉर्डों में सुधार से किसानों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा राजस्व संबंधी कार्य अधिक पारदर्शी और सरल बनेंगे।
