अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कलेक्टर निशांत जैन के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक किशन दान चारण ने विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ के आवागमन के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की है। इसके तहत बीकानेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 20 बस प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं, जहां से प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी किशन दान चारण ने बताया कि 21 जून को प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में शहर के राजकीय एवं निजी विद्यालयों के हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और अन्य कर्मचारी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और आयुर्वेद विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। योग दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए परिवहन, सुरक्षा, उपस्थिति और अनुशासन संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सुबह 5 बजे से उपलब्ध रहेंगी बसें
परिवहन व्यवस्था के अनुसार सभी बसें अपने निर्धारित बस प्वाइंट पर सुबह 5 बजे से उपलब्ध रहेंगी। संस्था प्रधानों, नोडल अधिकारियों और बस प्वाइंट प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों और स्टाफ को समय पर बसों में बैठाकर कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना करें। सभी प्रतिभागियों को सुबह 5:30 बजे तक डॉ. करणी सिंह स्टेडियम पहुंचना अनिवार्य होगा।
- Advertisement -
शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का मानना है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता से योग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सकारात्मक संदेश समाज तक पहुंचेगा।
इन 20 स्थानों से संचालित होंगी बसें
योग दिवस समारोह के लिए निर्धारित बस प्वाइंटों में राजस्थानी साहित्य अकादमी, मुरलीधर व्यास कॉलोनी चौराहा (करमीसर रोड), जवाहर पार्क राम मंदिर (गजनेर रोड), गोकुल सर्किल (नत्थूसर गेट), एम.एम. ग्राउंड के पास, दीनदयाल सामुदायिक भवन (मुक्ताप्रसाद नगर), लालेश्वर महादेव मंदिर (शिवमठ, शिवबाड़ी), राजीव गांधी मार्ग (फोर्ट स्कूल मैदान के पास), रामदेवजी मंदिर (सूजानदेसर), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गौशाला के पास (भीनासर), राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय करनाणी (गंगाशहर), राव बोथरा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (गंगाशहर), लालगढ़ रेलवे स्टेशन के पास, जैन पब्लिक स्कूल के पास (गंगाशहर रोड), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (जस्सूसर गेट), धरनीधर महादेव मंदिर के पास (श्रीरामसर रोड), राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीएसएफ कैम्पस के पास, सेठ तोलाराम बाफना उच्च माध्यमिक विद्यालय (गंगाशहर), जस्सूसर गेट के अंदर शिव शक्ति गैस एजेंसी के पास, सुभाष पेट्रोल पंप (जयपुर रोड) तथा आरएसवी हायर सेकेंडरी जेएनवी को शामिल किया गया है।
समय पर पहुंचने की अपील
शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने नजदीकी बस प्वाइंट पर पहुंचें और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करें। अधिकारियों के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, फिटनेस और योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
