बीकानेर। भाजपा नेता एवं अधिवक्ता डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया के खिलाफ बीछवाल थाना में दर्ज राजकार्य में बाधा पहुंचाने के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। प्रकरण को लेकर निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग लगातार जोर पकड़ रही है।
बार एसोसिएशन बीकानेर द्वारा पहले ही जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की जा चुकी है। अब इस मामले में राजस्थान बार काउंसिल भी सक्रिय हो गई है। काउंसिल ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर प्रकरण की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी से करवाने की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि बीछवाल थाना में अधिवक्ता डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया के खिलाफ दर्ज मामले की जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए। साथ ही यह भी आग्रह किया गया है कि किसी पूर्वाग्रह या पूर्व नियोजित धारणा के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाए।
गौरतलब है कि मामला दर्ज होने के बाद से ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसकी चर्चा बनी हुई है। बीकानेर से लेकर जयपुर तक इस प्रकरण की गूंज सुनाई दी है। हाल ही में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं अरुण चतुर्वेदी और सतीश पूनिया ने भी मेड़तिया से बातचीत कर मामले को उच्च स्तर तक पहुंचाने का भरोसा जताया था।
- Advertisement -
प्रकरण को लेकर अब सभी की निगाहें जांच प्रक्रिया और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
