बीकानेर में भीषण गर्मी के बीच मंगलवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। करीब ढाई बजे तेज आंधी, तूफान और धूलभरी हवाओं के चलते शहर में दिन के समय ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं से पेड़ झूमने लगे और धूल के गुबार ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया।
आंधी के कारण कई इलाकों में घरों और दुकानों में दोबारा मिट्टी भर गई, जबकि सड़कों पर चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे पहले श्रीडूंगरगढ़, लूणकरनसर और महाजन क्षेत्र में भी तेज अंधड़ देखने को मिला, जिसके बाद बारिश शुरू हो गई।
श्रीडूंगरगढ़ में तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। मौसम में आए अचानक बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन तेज तूफान ने नुकसान भी पहुंचाया।
आंधी के बाद महाजन और अरजनसर सहित बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। अरजनसर में अच्छी बारिश होने से गलियों में पानी भर गया और कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
- Advertisement -
मौसम विभाग की संभावनाओं और आसमान में छाए घने बादलों को देखते हुए बीकानेर शहर में भी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम में आया यह बदलाव लोगों के लिए राहतभरा माना जा रहा है।
