बीकानेर नगर निगम में कार्यरत एक कर्मचारी के साथ मारपीट और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी की रिपोर्ट पर दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोगागेट निवासी कमल चांवरिया पुत्र जुगल किशोर चांवरिया ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि नगर निगम के कक्ष संख्या 23 में कार्य के दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया।
परिवादी के अनुसार नीरू पत्नी बलजिंदर, निवासी रानीसर बास, अंजली पत्नी कमल तेजी तथा चंदन पुत्र धर्मेश निगम कार्यालय पहुंचे और कथित रूप से उसके साथ मारपीट करने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने जबरन पकड़कर उसे कार्यस्थल से बाहर ले जाकर मारपीट की।
कमल चांवरिया ने रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया है कि इस घटना के कारण सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और राजकार्य प्रभावित हुआ। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
- Advertisement -
सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मदन किलानिया को सौंपी गई है। पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
प्राथमिक जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
