बीकानेर।
शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। ताजा घटना में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार सुभाषपुरा निवासी आदिल पुत्र रजाक पर देर रात अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में उसके शरीर पर कई जगह चाकू के गहरे घाव आए हैं। गंभीर हालत में परिजनों ने उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इससे पहले भी शहर में इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दो दिन पूर्व नया शहर थाना क्षेत्र के सोनगिरी कुआं इलाके में इरफान पुत्र कुदरत अली चौहान पर चाकू से हमला किया गया था, जिसका इलाज अभी भी पीबीएम अस्पताल में चल रहा है।
- Advertisement -
इसके अलावा मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में हाल ही में फायरिंग की घटना भी सामने आई थी, जिसमें एक युवक घायल हुआ था। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और हिंसक घटनाओं के चलते आमजन में भय का माहौल बढ़ता जा रहा है, जबकि पुलिस प्रशासन द्वारा मामलों की जांच और आरोपियों की तलाश जारी है।
