बीकानेर।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर बीकानेर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने पीबीएम अस्पताल के पास स्थित मां रोटी बैंक परिसर में दूर-दराज से आए मरीजों के परिजनों को भोजन कराकर तथा मेडिकल ग्राउंड के पास गोवंश को हरा चारा खिलाकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव सलीम भाटी ने राजेश पायलट के जीवन और योगदान को याद करते हुए कहा कि 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान उन्होंने भारतीय वायुसेना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने वायुसेना से इस्तीफा देकर राजनीति में प्रवेश किया और 1980 में भरतपुर से सांसद चुने गए। इसके बाद वे 1984, 1991, 1996 और 1999 तक लगातार सांसद रहे तथा किसानों के हितों के लिए समर्पित नेता के रूप में पहचान बनाई।
प्रदेश कांग्रेस अभाव अभियोग प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष नित्यानंद पारीक ने कहा कि राजेश पायलट राजीव गांधी के समय केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री रहे और उत्तर-पूर्व एवं कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में शांति एवं सामान्य स्थिति स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत रहे।
- Advertisement -
महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़ ने उन्हें मजबूत इरादों वाला नेता बताते हुए कहा कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव में उतरे थे और देश में जनचेतना जागृत करने के लिए हमेशा सक्रिय रहे।
इस अवसर पर इकबाल, हाजिर खान, हबीबा चौधरी, राज भटनागर, लक्ष्मी गुप्ता, खुर्शीदा बेगम, शहनाज, पुष्पा, रुक्मणी नायक, सरोज, मोहम्मद हसन अली सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने राजेश पायलट के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
