बीकानेर।
रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने बीकानेर रेलवे स्टेशन पर आधुनिक डिजिटल लगेज लॉकर (क्लॉक रूम) सुविधा शुरू की है। प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर उपलब्ध यह व्यवस्था यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपना सामान रखने की सुविधा प्रदान करेगी।
नई डिजिटल प्रणाली के तहत यात्रियों को लॉकर उपयोग करने के लिए सबसे पहले डिजिटल पैनल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद पहली बार नाम और ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार स्मॉल, मीडियम या लार्ज लॉकर का चयन कर सकेंगे।
यात्री 6 घंटे अथवा 24 घंटे की अवधि का विकल्प चुनकर स्क्रीन पर प्रदर्शित क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। भुगतान पूरा होते ही लॉकर सक्रिय हो जाएगा और सामान सुरक्षित रूप से रखा जा सकेगा।
- Advertisement -
सामान वापस प्राप्त करने के लिए भी मोबाइल नंबर और ओटीपी सत्यापन की प्रक्रिया अनिवार्य रखी गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो जाती है।
सीनियर डीसीएम भूपेंद्र यादव ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी, जिनकी ट्रेन में लंबा इंतजार होता है या जिन्हें स्टेशन से बाहर शहर में किसी कार्य से जाना होता है। इस व्यवस्था से यात्री बिना सामान की चिंता के अपने समय का बेहतर उपयोग कर सकेंगे और उन्हें हैंड्स-फ्री यात्रा का अनुभव मिलेगा।
