बीकानेर।
शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच बीती रात कैंपर गाड़ी से जुड़े उपद्रव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना दो गुटों के बीच लंबे समय से चल रही आपसी रंजिश का परिणाम है।
जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी रतनाराम गोदारा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को राउंडअप किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा है और इसी रंजिश के चलते बीती रात यह घटना हुई। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
- Advertisement -
अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही किसी पक्ष की शिकायत प्राप्त होगी, संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि बीकानेर में पिछले कुछ दिनों के दौरान चाकूबाजी, फायरिंग और हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। लगातार सामने आ रही वारदातों ने आमजन में चिंता बढ़ा दी है, जबकि पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चला रही है।
