महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। कीमतों में वृद्धि के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये का हो गया है।
पिछले तीन महीनों के दौरान यह दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इस नई वृद्धि के साथ ही तीन महीने में घरेलू एलपीजी सिलेंडर कुल 89 रुपये महंगा हो चुका है।
तेल कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा लागत में बढ़ोतरी और घरेलू बिक्री पर हो रहे नुकसान के कारण कीमतों में संशोधन किया गया है। कंपनियों का कहना है कि लागत बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं पर पूरा भार नहीं डाला गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को भी घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी 31 रुपये तक का इजाफा किया गया था।
- Advertisement -
तेल कंपनियों का दावा है कि वर्तमान में पेट्रोल पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 33.6 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। इसके बावजूद दोनों ईंधन लागत से कम कीमत पर बेचे जा रहे हैं। सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हुई पूरी वृद्धि का भार उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है और इसका एक हिस्सा सरकारी तेल कंपनियां स्वयं वहन कर रही हैं।
घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ने की संभावना है। रसोई गैस महंगी होने से घरेलू खर्च बढ़ेगा, जिससे मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ सकती है।
