12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बीकानेर के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में शनिवार को योग जागरूकता अभियान के तहत विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
आयोजित योग सत्र में रिन्यूएबल एनर्जी एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग शाखा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न योग क्रियाओं और प्राणायाम का अभ्यास कर योग के महत्व को समझा।
शारीरिक शिक्षा, खेल एवं योग विभाग के प्रभारी अधिकारी डॉ. एस.एल. प्रजापत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के योग विभाग की अतिथि संकाय प्रियंका रघुवंशी और एम.एससी. योग के विद्यार्थी अजय धवल ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने योग प्रार्थना, कॉमन योग प्रोटोकॉल, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाते हुए योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पक्षों पर भी प्रकाश डाला।
प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
- Advertisement -
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
डॉ. एस.एल. प्रजापत ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत महाविद्यालय में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में योग के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए प्रेरित करना है।
